मित्रों ,
'जोधपुर थडी' में आपका स्वागत है .
यहाँ आपसे सच- सच बात करुँगी .बिना किसी घुमाव फिराव के . बिना किसी लाग लपेट के . बिना किसी कल्पना लोक में उतरे .कुछ एड्स पीड़ित औरतों से मिलने , बात करने का अवसर मिला . उनकी बीमारी के बारे में बातचीत की . शारीरिक , मानसिक पीडा पर बात की .पारिवारिक ,सामाजिक उपेक्षा पर वे रोते रोते बोलीं .वो क्या बोलीं उनके आंसू अधिक बोले . उनके दर्द को पढने की कोशिश की .मैंने उनके नाम और जगहों के नाम बदल दिए हैं . इस से कहानी पर, आप पर, मुझ पर फर्क भी क्या पड़ता है ? ये दर्द की पोटलियाँ हैं . इन्हें धीरे धीरे सँभालते हुए खोलना .ये बिखर ना जाएँ .
वह टूटकर जुड़ती रही
'इनके पापा नहीं रहे . कौन कन्धों पर बैठाकर दुनिया का मेला दिखायेगा ? मुझे ही चलना है इनकी अंगुली थाम कर . जब तक बदन में ताकत है . तब तक रास्ता दिखाती रहूंगी '. शारदा के इन शब्दों में ममता , विवशता ,दृढ निश्चय और दर्द करवटें ले रहा था . शारदा एचआईवी पोजिटिव है .उसके पति की मौत इसी बीमारी से हुई .
पति गुजरे तो लोगों नें सलाह दी कि तुम भी टेस्टिंग करवा लो . डरते डरते कराई .होनी को कौन टाल सकता है . वह भी उसी राह में खड़ी मिली जिस राह से उसका पति गुजरा था .शारदा कई दिन सुन्न रही .
शारदा का पति काम के सिलसिले में टूर पर ज्यादा रहता था .यह सिलसिला १५ वर्षों तक चलता रहा . एक दिन पता चला कि उसे टायफायड हो गया है . उस दौरान पॉँच इंजेक्शन दिए . बस वे ही बने उसकी मौत का कारण . पति पर थोडा सा संशय भी शारदा को मान्य नहीं . 'नहीं नहीं ,वे अच्छे चाल चलन वाले थे . एक बार टूर से लौटे . बोले सिर दर्द हो रहा है . फिर तो कभी ना थमनेवाला सिलसिला चल पड़ा बीमारियों का . '
शरीर से कमजोर होते चले गए . छाती में पानी भर गया . टी बी हो गई . एक बीमारी ठीक हो तो दूसरी चढाई कर दे . तन का किला ढहता चला गया .एड्स के खूनी पंजों ने उसकी जान ले ली . पति का जाना शारदा के लिए उसकी वह जमीन चले जाने जैसा हुआ जिस पर वह मजबूती से खड़ी थी .
पैसे की कमी ., ससुराल वालों की उपेक्षा , एक बच्चे और खुद का एचआईवी पोजिटिव होना, ये सब कारण उसे तोड़ने के लिए काफी थे . पर वह टूट टूट कर भी जुड़ती रही . उसे जीवित और साबुत रहना था . रहना है . अपने बच्चों के लिए .
मैंने शारदा से एक टेढा प्रश्न कर लिया .-कभी दूसरी शादी का ख्याल आया ?
जवाब था -एक तो उम्र का अधबीच . दूसरा ,मेरे लिए यह सब करेगा कौन ?तीसरा, जिनको पता नहीं उन्हें भी पता चल जायेगा .रही सही इज्जत चली जायेगी . चौथा, किसी की जिन्दगी क्यों बर्बाद करूँ .
इधर घरवाले कहते हैं - अपना कमाओ , खाओ . कब तक भरते रहेंगे तीन तीन पेट ? गलत भी क्या है ? शारदा कहती है --बात तो उनकी ठीक ही है . पर क्या उनके साथ ऐसा नहीं हो सकता ? क्या बुरे समय में अपनों से मुंह फेर लेना ठीक है ? क्या एक ही परिवार में रहते हुए बच्चों में दुभांत करना गलत नहीं ?हालात बदलते ही अपनों की आँखें कैसे बदलती हैं , शारदा ने यह अब जाना .
शारदा उस अपराध की सजा भुगत रही है जो उसने किया नहीं . शारदा की उम्र बढ़ रही है . शारदा के बच्चे पढ़ बढ़ रहे हैं . अब उसने जानी पढाई की कीमत . वह जान गई कि मंजिल चाहे कोई भी हो , रास्ता चाहे कितना भी कठिन हो , निकलता शिक्षा के बीच से ही है . इसलिए शारदा अपने बच्चों को किसी भी कीमत पर पढ़ा लिखाकर अपने पांवों पर खड़े करना चाहती है . वह होली , दिवाली , रक्षा बंधन पर मिला पैसा इक्कठा कर रही है . पेट काटकर बच्चों को पढ़ा रही है . जिस से बच्चे कठिन समय का मुकाबला कर सकें .छोटे छोटे सपने देखें और पूरा कर सकें . कल्पना के पंखों से उडान भर सकें जिसका कि उन्हें अधिकार है .
डॉ. पदमजा शर्मा - कृतियाँ : - इस दुनिया के अगल बगल( शब्द चित्र ) ,इस जीवन के लिए (कविता संग्रह ) ,रमता जोगी बहता पानी ( शब्द चित्र ) , नासिर के तीन सपने ( शब्द चित्र ) , आचार्य चतुरसेन शास्त्री के उपन्यासों का सांस्कृतिक अध्ययन (शोध) , यशस्वी पत्रकार पंडित झाबरमल्ल शर्मा (आलोचना ) , दादा के पत्र पोते के नाम (संपादन), मेरी लड़ाई लंबी है (विविध ), जीवन के कितने पाठ ( संपादन )
Showing posts with label १९ मई २००८ 'दैनिक भास्कर' में प्रकाशित. Show all posts
Showing posts with label १९ मई २००८ 'दैनिक भास्कर' में प्रकाशित. Show all posts
Saturday, 14 November 2009
Subscribe to:
Posts (Atom)
